Bihar Cabinet Expansion 2026: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार कल होने जा रहा है। इस विस्तार में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार सहित कई जेडीयू नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे।
पटना: बिहार की सियासत में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। हाल ही में विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनने और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद अब राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी पूरी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार कल किया जाएगा, जिसमें कई नए चेहरों को शामिल किया जाएगा।
इस विस्तार की सबसे खास बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। यह फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि निशांत कुमार ने पहले सार्वजनिक रूप से मंत्री पद संभालने से इनकार कर दिया था और कहा था कि वे फिलहाल बिहार का दौरा कर जनता के बीच रहना चाहते हैं।
हालांकि, जेडीयू नेतृत्व के लगातार प्रयासों के बाद अब निशांत कुमार ने अपनी सहमति दे दी है और वे कल मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसे जेडीयू के भीतर नेतृत्व परिवर्तन और नई पीढ़ी को आगे लाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
कैबिनेट विस्तार में जेडीयू के अन्य विधायकों को भी मौका मिलने जा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता भगवान सिंह कुशवाहा का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। उन्होंने खुद संकेत देते हुए कहा कि उन्हें पहले ही इस बारे में जानकारी दी गई थी और पार्टी के भीतर इस पर सहमति बन चुकी है।
फिलहाल सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में जेडीयू के केवल दो वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद शामिल हैं, जिन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। ऐसे में यह विस्तार गठबंधन संतुलन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह कैबिनेट विस्तार बिहार की राजनीति में नई दिशा तय कर सकता है, खासकर तब जब भाजपा पहली बार राज्य में अपने नेतृत्व में सरकार चला रही है। अब सभी की नजरें कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां कई नए चेहरे सत्ता का हिस्सा बनेंगे।
![]()
