Donald Trump Congratulates Narendra Modi: पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की 207 सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। व्हाइट हाउस ने इसे निर्णायक जनादेश बताया।
वॉशिंगटन डीसी/नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी है। व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में इस जीत को “निर्णायक” और “ऐतिहासिक” बताया गया है।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत कर उन्हें पश्चिम बंगाल में मिली बड़ी सफलता पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूत अभिव्यक्ति बताया। पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है, जो राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। बहुमत के लिए आवश्यक 147 सीटों के आंकड़े को भाजपा ने काफी पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, फालता विधानसभा सीट पर पुनः मतदान होना अभी बाकी है।
यह जीत इसलिए भी ऐतिहासिक मानी जा रही है क्योंकि आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को इस चुनाव में केवल 80 सीटों से संतोष करना पड़ा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अपनी पारंपरिक भवानीपुर सीट से चुनाव हार गई हैं। अन्य दलों की बात करें तो कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी ने दो-दो सीटें जीती हैं, जबकि सीपीआई (एम) और ऑल इंडिया सेक्यूलर फ्रंट को एक-एक सीट मिली है।
चुनाव में करारी हार के बावजूद ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है, जिससे राज्य की राजनीति में आगे की स्थिति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
![]()
