Suvendu Adhikari’s PA’s Murder: पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने स्कॉर्पियो पर 10 राउंड फायरिंग की। भाजपा ने TMC पर आरोप लगाए, जबकि TMC ने CBI जांच की मांग की।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में भाजपा नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब 10:30 बजे हुई इस वारदात ने राज्य की राजनीति में एक बार फिर हिंसा और कानून-व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है। घटना में दो अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें वाहन चालक शामिल है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ स्कॉर्पियो वाहन से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। जब उनकी गाड़ी मध्यमग्राम के डोलतला इलाके से गुजर रही थी, तभी बाइक और कार सवार हमलावरों ने उनका पीछा किया और रास्ता रोक लिया। इसके बाद हमलावरों ने स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पॉइंट ब्लैंक रेंज से बरसाईं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। फ्रंट पैसेंजर सीट पर बैठे चंद्रनाथ रथ को सीने और पेट में कई गोलियां लगीं। बताया जा रहा है कि दो गोलियां उनके दिल को चीरते हुए आर-पार निकल गईं। वहीं, गाड़ी में मौजूद दूसरे व्यक्ति को भी हाथ, पेट और छाती में गोली लगी है। ड्राइवर भी इस हमले में घायल हुआ है। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घायल चंद्रनाथ रथ को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल विवासिटी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में ऑस्ट्रेलियन ग्लॉक पिस्टल के इस्तेमाल की बात सामने आई है।
भाजपा ने TMC पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर राजनीतिक हत्या का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं का कहना है कि चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में विपक्षी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और अन्य वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए NH-12 को जाम कर दिया और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की।
भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद भी राज्य में हिंसा का दौर जारी है। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
TMC ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया है। पार्टी ने देर रात बयान जारी कर घटना की निंदा की और कोर्ट की निगरानी में CBI जांच की मांग की। TMC का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और हाल के दिनों में हुई सभी राजनीतिक हत्याओं की भी जांच कराई जानी चाहिए।
एक घंटे बाद भाजपा कार्यकर्ता पर भी हमला
चंद्रनाथ रथ की हत्या के करीब एक घंटे बाद बशीरहाट जिले में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी फायरिंग की घटना सामने आई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं से राज्य में राजनीतिक माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है।
चुनाव परिणाम के बाद बढ़ी हिंसा
बताया जा रहा है कि 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से पश्चिम बंगाल में अब तक पांच लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें तीन भाजपा और दो TMC से जुड़े लोगों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। विपक्ष लगातार राज्य सरकार पर राजनीतिक हिंसा रोकने में विफल रहने का आरोप लगा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जिस कार से कथित तौर पर स्कॉर्पियो का रास्ता रोका गया था, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। बारासात स्टेट जनरल हॉस्पिटल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां चंद्रनाथ रथ का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
![]()
