TCS ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ मामले में मुख्य आरोपी निदा खान गिरफ्तार, आज नासिक कोर्ट में होगी पेशी

0Shares

TCS Corporate Jihad Case: TCS कॉर्पोरेट जिहाद मामले में मुख्य आरोपी निदा खान को संभाजीनगर से गिरफ्तार किया गया। नासिक पुलिस धर्म परिवर्तन, विदेशी कनेक्शन और फंडिंग एंगल की जांच कर रही है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में चर्चित TCS ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ मामले में मुख्य आरोपी निदा खान को पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे संभाजीनगर से हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक, अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद नासिक क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की। आज आरोपी को नासिक की अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, निदा खान पिछले करीब एक महीने से फरार चल रही थी। मामले में उसके कई सहयोगियों — दानिश शेख, शाहरुख कुरेशी, रजा मेमन और अख्तर — को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि निदा खान से पूछताछ में मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों पर एक युवती को कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता को धार्मिक साहित्य दिया गया, मोबाइल में इस्लामिक एप्लिकेशन इंस्टॉल किए गए और सोशल मीडिया के जरिए धार्मिक सामग्री भेजी जाती थी। जांच एजेंसियां इन डिजिटल स्रोतों की भी पड़ताल कर रही हैं।

एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने पीड़िता को नमाज पढ़ने, हिजाब और बुरखा पहनने की ट्रेनिंग देने का भी प्रयास किया। साथ ही मुख्य आरोपी दानिश शेख पर पीड़िता के शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लेने का आरोप है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या पीड़िता का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

मामले की जांच के दौरान एक अंतरराष्ट्रीय एंगल भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता को नौकरी दिलाने के बहाने मलेशिया भेजने की योजना बना रहे थे। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे मामले में किसी बाहरी फंडिंग या अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका तो नहीं थी।

फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान निदा खान को किसने शरण दी और वह अन्य आरोपियों के संपर्क में कैसे बनी रही। मामले की जांच जारी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *