West Bengal BJP Government Formation: पश्चिम बंगाल में नई बीजेपी सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आज कोलकाता में विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नेता का चुनाव किया जाएगा। अमित शाह और मोहन माझी बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आज शुक्रवार से औपचारिक रूप से शुरू होने जा रही है। राजधानी कोलकाता में दोपहर 2 बजे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक दल की अहम बैठक आयोजित होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। इसी नेता के नाम पर राज्य में नई सरकार का गठन होगा।
बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बतौर पर्यवेक्षक शामिल होंगे। पहले उनका गुरुवार रात को कोलकाता पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार वह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कोलकाता पहुंचेंगे। बीजेपी नेतृत्व ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों नेता बैठक के दौरान नव-निर्वाचित विधायकों से चर्चा कर उनकी राय जानेंगे।
विधायक दल के नेता के चयन के बाद बीजेपी प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचकर राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेगा। इसके बाद 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
बीजेपी इस शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी में जुटी हुई है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा देश के लगभग 20 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
राजनीतिक हलकों में अब सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक दल का नेता कौन चुना जाएगा और राज्य की कमान किस चेहरे को सौंपी जाएगी।
![]()
