राम मंदिर चंदा विवाद पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट का पहला आधिकारिक बयान सामने आया है। ट्रस्ट ने चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।
Ram Mandir Donation Controversy: राम मंदिर चंदा और दान सामग्री से जुड़े कथित विवाद के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला आधिकारिक बयान सामने आया है। ट्रस्ट ने इस पूरे घटनाक्रम पर गहरी चिंता और दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हाल के दिनों में सामने आई घटनाओं से वह स्तब्ध, आहत और बेहद दुखी है। ट्रस्ट ने अपने बयान में महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे मिलने की पुष्टि की है। हालांकि, इन इस्तीफों पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। ट्रस्ट के अनुसार आगामी बैठक में इन इस्तीफों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाएगी। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को हर हाल में सुरक्षित रखा जाएगा। ट्रस्ट ने कहा कि मंदिर निर्माण और भगवान श्रीराम के प्रति करोड़ों लोगों की श्रद्धा सर्वोपरि है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा। बयान में ट्रस्ट ने विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया, जिन्होंने भगवान श्रीराम को अर्पित करने के लिए चांदी की ईंटें, आभूषण या अन्य कीमती वस्तुएं व्यक्तिगत रूप से ट्रस्ट पदाधिकारियों को सौंपी थीं। ट्रस्ट ने कहा कि ऐसी सभी वस्तुएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका पूरा रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से ट्रस्ट के पास उपलब्ध है।
ट्रस्ट ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए ट्रस्ट अपनी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत तथा पारदर्शी बनाने पर काम करेगा। अपने आधिकारिक बयान में ट्रस्ट ने कहा कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही ट्रस्ट ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक, अधार्मिक और स्वार्थी तत्व सनातन धर्म और श्रीराम मंदिर की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
ट्रस्ट ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक और निराधार अफवाहों से बचें तथा दूसरों को भी गलत सूचनाओं से सतर्क करें। बयान में कहा गया कि सत्य अंततः सामने आएगा और श्रीराम भक्तों की आस्था अटूट बनी रहेगी। अपने संदेश के अंत में ट्रस्ट ने विश्वास जताया कि मौजूदा संकट का दौर जल्द समाप्त होगा। ट्रस्ट ने कहा कि अंधकार हटेगा, सत्य का प्रकाश फैलेगा और श्रीराम भक्ति की पवित्र धारा निरंतर प्रवाहित होती रहेगी।
फिलहाल पूरे देश की नजर ट्रस्ट की अगली बैठक पर टिकी है, जहां इस्तीफों और जांच प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
![]()
