शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर हराकर बड़ा राजनीतिक इतिहास रच दिया। जानिए कैसे अमित शाह के भरोसेमंद नेता शुभेंदु बने बंगाल विजय के सबसे बड़े आर्किटेक्ट।
Suvendu Adhikari Emerges as BJP’s Bengal Victory Architect: पश्चिम बंगाल की राजनीति में साल 2026 एक ऐतिहासिक मोड़ बनकर सामने आया है। जिस नेता को कभी ममता बनर्जी का सबसे भरोसेमंद सिपाही माना जाता था, वही आज बीजेपी की बंगाल विजय का सबसे बड़ा चेहरा बन गया है। शुभेंदु अधिकारी ने न सिर्फ तृणमूल कांग्रेस के अभेद्य किले को ध्वस्त किया, बल्कि ममता बनर्जी को उनके राजनीतिक गढ़ भवानीपुर में हराकर यह साबित कर दिया कि बंगाल की राजनीति का नया केंद्र अब बदल चुका है।
अमित शाह की रणनीति का सबसे बड़ा चेहरा बने शुभेंदु
साल 2020 में जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में बीजेपी को सत्ता तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की, तब उन्हें एक ऐसे चेहरे की तलाश थी जो ममता बनर्जी के राजनीतिक मॉडल को अंदर से समझता हो। यही वजह थी कि 19 दिसंबर 2020 को मेदिनीपुर की विशाल रैली में शुभेंदु अधिकारी को बीजेपी में शामिल कराया गया। उस दिन मंच पर एक तस्वीर पूरे देश में चर्चा का विषय बनी थी—शुभेंदु अधिकारी अमित शाह के पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आए थे। राजनीतिक विश्लेषकों ने उसी दिन मान लिया था कि बीजेपी बंगाल में शुभेंदु को बड़ा चेहरा बनाने जा रही है।
इसके बाद अमित शाह लगातार शुभेंदु अधिकारी के पीछे मजबूत राजनीतिक दीवार बनकर खड़े रहे। 2021 में बीजेपी सत्ता से दूर जरूर रह गई, लेकिन शाह ने शुभेंदु को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाकर यह संकेत दे दिया था कि बंगाल में बीजेपी का भविष्य उन्हीं के हाथों में है।
नंदीग्राम से भवानीपुर तक… ममता को दो बार दी मात
शुभेंदु अधिकारी का सबसे बड़ा राजनीतिक कद इस बात से समझा जा सकता है कि उन्होंने पश्चिम बंगाल की सबसे प्रभावशाली नेता ममता banerjee को दो-दो बार चुनावी मैदान में हराया।
2021: नंदीग्राम में पहली बड़ी चोट
2021 विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को बेहद करीबी मुकाबले में हराया। यह हार सिर्फ एक सीट की हार नहीं थी, बल्कि ममता बनर्जी की राजनीतिक प्रतिष्ठा पर बड़ा झटका थी।
2026: भवानीपुर में इतिहास रचा
2026 के चुनाव में बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को सीधे ममता बनर्जी के सबसे सुरक्षित गढ़ भवानीपुर से उतारा। राजनीतिक जानकारों को उम्मीद थी कि मुकाबला कठिन होगा, लेकिन शुभेंदु ने यहां भी जीत दर्ज कर बंगाल की राजनीति में नया इतिहास लिख दिया। भवानीपुर वही सीट है जिसे ममता बनर्जी का राजनीतिक अभेद्य किला माना जाता था। वहां जाकर जीत हासिल करना शुभेंदु अधिकारी को बंगाल की राजनीति का सबसे बड़ा हिंदुत्ववादी चेहरा बना गया।
बीजेपी की जीत के ‘आर्किटेक्ट’
पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 207 सीटों तक पहुंचाने का श्रेय भी काफी हद तक शुभेंदु अधिकारी को दिया जा रहा है। पार्टी के अंदर उन्हें जमीनी संगठन का सबसे मजबूत नेता माना जाता है। ग्रामीण बंगाल में उनकी पकड़ बेहद मजबूत मानी जाती है। पूर्वी मेदिनीपुर, नंदीग्राम, कांथी और दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में उनका प्रभाव सीधे वोट में बदलता है।
बीजेपी नेताओं का मानना है कि शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में हिंदुत्व और बंगाली अस्मिता को एक साथ जोड़कर ऐसा राजनीतिक समीकरण तैयार किया जिसने टीएमसी के लंबे शासन को चुनौती दी।
अमित शाह और पीएम मोदी के भरोसेमंद
शुभेंदु अधिकारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। पार्टी के भीतर भी यह संदेश साफ रहा कि बंगाल में वही नेता आगे बढ़ेगा जो संगठन, विचारधारा और जनाधार—तीनों पर खरा उतरे। बीजेपी के कई नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान खुलकर कहा था कि बंगाल का मुख्यमंत्री वही बनेगा जो “हिंदू हृदय सम्राट” की छवि रखता हो। शुभेंदु अधिकारी इस छवि में पूरी तरह फिट बैठते नजर आए।
सादगी बनी सबसे बड़ी ताकत
शुभेंदु अधिकारी की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत उनकी सादगी मानी जाती है। साधारण कुर्ता-पायजामा, चप्पल और बेहद सामान्य जीवनशैली ने उन्हें ग्रामीण बंगाल के लोगों से सीधे जोड़ दिया। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल का ग्रामीण वोटर उन्हें “अपनों में से एक” मानता है। यही कारण है कि उनकी सभाओं में भीड़ स्वतः जुटती रही। उनकी संगठन क्षमता भी बेहद मजबूत मानी जाती है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क और लगातार क्षेत्र में मौजूद रहना उनकी पहचान बन चुका है।
राजनीतिक परिवार से आते हैं शुभेंदु
15 दिसंबर 1970 को पूर्वी मेदिनीपुर के कांथी में जन्मे शुभेंदु अधिकारी एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता शिशिर अधिकारी पश्चिम बंगाल की राजनीति का बड़ा नाम रहे हैं। राजनीति में उनकी शुरुआत कांग्रेस की छात्र परिषद से हुई थी। साल 1995 में वह कांथी नगर पालिका के पार्षद बने और पहली बार चर्चा में आए। 1998 में ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस बनाई तो शुभेंदु भी टीएमसी में शामिल हो गए। धीरे-धीरे वह पार्टी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हो गए। 2014 में मोदी लहर के बावजूद उन्होंने अपनी लोकसभा सीट जीतकर यह साबित कर दिया था कि उनकी व्यक्तिगत पकड़ बेहद मजबूत है। ममता बनर्जी ने भी उनकी क्षमता को देखते हुए परिवहन और सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय सौंपे थे।
TMC छोड़ BJP में शामिल होने से बदली बंगाल की राजनीति
2020 में टीएमसी से मतभेद बढ़ने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी और विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद मेदिनीपुर में अमित शाह की रैली में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया। यही वह पल था जिसने बंगाल की राजनीति की दिशा बदल दी। बीजेपी को पहली बार ऐसा बंगाली चेहरा मिला जो ममता बनर्जी को सीधे चुनौती देने की क्षमता रखता था। इसके बाद शुभेंदु लगातार बीजेपी के सबसे आक्रामक नेताओं में शामिल हो गए।
क्या शुभेंदु अधिकारी बंगाल बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा बन चुके हैं?
2026 की जीत के बाद अब यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल बीजेपी का निर्विवाद चेहरा बन चुके हैं। ममता बनर्जी को दो बार हराने, संगठन को मजबूत करने और बीजेपी को ऐतिहासिक जीत दिलाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी लोकप्रियता चरम पर है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि बंगाल की राजनीति अब “ममता युग” से निकलकर “शुभेंदु युग” की ओर बढ़ रही है।
![]()
