Nitin Nabin Appointed as New BJP National President: भाजपा को मिला नया राष्ट्रीय अध्यक्ष। नितिन नबीन के नाम का ऐलान पीएम मोदी की मौजूदगी में हुआ। दिल्ली से लेकर बिहार के नवादा तक जश्न
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आज से एक नए युग की शुरुआत हो गई। पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार से विधायक नितिन नबीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया गया। इस अवसर पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की वैचारिक परंपरा और संगठनात्मक संस्कृति पर विस्तार से प्रकाश डाला। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक संस्कार और एक परिवार है। उन्होंने कहा, “हमारे यहां मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप होती है। भाजपा ऐसी परंपरा है जो पद से नहीं, प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है, लेकिन कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है। हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते; नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा नहीं बदलती।”
कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। पार्टी मुख्यालय में उत्साह और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां कार्यकर्ताओं ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।

दिल्ली के साथ-साथ बिहार में भी जश्न का माहौल देखने को मिला। नितिन नबीन के पैतृक गांव अमावां (नवादा) में सुबह से ही उत्सव शुरू हो गया। गांव में मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की गई। स्थानीय विधायक अनिल सिंह ने बताया कि इस अवसर पर 251 किलो लड्डू बनवाए गए हैं और पूरे गांव में उत्साह का वातावरण है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले संबोधन में नितिन नबीन ने पार्टी की विचारधारा को केंद्र में रखते हुए कहा, “हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पद नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसका अनुशासित संगठन, स्पष्ट विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ता हैं।
अपने संबोधन में नितिन नबीन ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि 2006 में पहली बार विधायक बनने के बाद से उन्होंने राजनाथ सिंह के कार्यकर्ता-सम्पर्क, नितिन गडकरी के संगठन निर्माण और अमित शाह के कार्यकर्ता-केंद्रित नेतृत्व को नजदीक से देखा है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों के योगदान की वजह से ही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन पाई है।
नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा की असली शक्ति वह कार्यकर्ता है, जो हर परिस्थिति में देश और पार्टी के लिए डटा रहता है। “वह कार्यकर्ता, जो कठिन से कठिन हालात में भी भारत का ध्वज झुकने नहीं देता और गर्व से कहता है—तेरा वैभव अमर रहे मां,” उन्होंने कहा।
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही पार्टी में संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रतिबद्धता और कार्यकर्ता-केंद्रित राजनीति को आगे बढ़ाने की नई उम्मीदें जुड़ गई हैं। भाजपा नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी आने वाले समय में देश की सेवा और संगठन विस्तार के अपने संकल्प को और मजबूत करेगी।
![]()
