गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: 25 मौतों के आरोपी लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड से भारत लाए गए, दिल्ली कोर्ट में पेशी

0Shares

Goa Nightclub Fire Case: गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में 25 लोगों की मौत के आरोपी सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड से दिल्ली लाया गया है। दिल्ली कोर्ट में आज होगी पेशी।

नई दिल्ली: गोवा के चर्चित नाइट क्लब अग्निकांड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड से भारत लाया गया है। दोनों आरोपियों को आज नई दिल्ली पहुंचते ही गोवा पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हिरासत में ले लिया। थोड़ी देर में उन्हें दिल्ली की अदालत में पेश किया जाएगा।

यह मामला उत्तरी गोवा के आरपोरा गांव स्थित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में 6 दिसंबर 2025 की रात लगी भीषण आग से जुड़ा है। आग लगने की इस घटना में पर्यटकों और क्लब कर्मचारियों समेत कुल 25 लोगों की मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि नाइट क्लब की लकड़ी की छत में आग लगी, जो तेजी से पूरे परिसर में फैल गई।

हादसे के तुरंत बाद नाइट क्लब के सह-मालिक सौरभ और गौरव लूथरा देश छोड़कर दिल्ली के रास्ते थाईलैंड भाग गए थे। इसके बाद गोवा पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस प्रयासों के बाद अब दोनों आरोपियों को भारत वापस लाया गया है।

गोवा पुलिस की टीम दिल्ली एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद थी और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपियों को सीधे कोर्ट ले जाया गया। अदालत में पेशी के दौरान पुलिस रिमांड और आगे की जांच को लेकर अहम फैसला लिया जा सकता है। इस अग्निकांड ने नाइट क्लबों में सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। अब पीड़ित परिवारों और देश की नजरें अदालत की कार्रवाई और इंसाफ की प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *