
Donald Trump
वाशिंगटन: यूक्रेन युद्ध समाप्त करवाने के प्रयासों के तहत अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने मंगलवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच करीब 2 घंटे तक बातचीत हुई। व्हाइट हाउस के अनुसार, यह बहुप्रतीक्षित वार्ता शुरू हो गई है और अमेरिकी प्रशासन पुतिन को 30 दिन के युद्ध विराम प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने के लिए राजी करने की कोशिश कर रहा है। यह प्रस्ताव तीन साल से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस वार्ता से पहले, यूक्रेनी अधिकारियों ने सऊदी अरब में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की अध्यक्षता में हुई एक बैठक के दौरान इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की थी। हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने संदेह जताया है कि पुतिन इस प्रस्ताव को स्वीकार करेंगे, क्योंकि रूसी सेना अब भी यूक्रेन पर हमले कर रही है। ट्रंप ने वार्ता से पहले संकेत दिए थे कि वह रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों और यूरोप के सबसे बड़े जपोरीजिया परमाणु बिजलीघर को लेकर भी चर्चा करेंगे। यह बिजलीघर मार्च 2022 से रूसी नियंत्रण में है। इससे पहले, 12 फरवरी को भी ट्रंप और पुतिन के बीच डेढ़ घंटे तक टेलीफोन पर वार्ता हुई थी।
ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकाफ ने पिछले सप्ताह मास्को का दौरा किया था और राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की थी। इसे ट्रंप-पुतिन वार्ता की तैयारी के रूप में देखा गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह वार्ता सफल रही, तो दोनों नेता निकट भविष्य में आमने-सामने की मुलाकात भी तय कर सकते हैं।