Tribhuvan Airport Reopens: नेपाल में सोशल मीडिया बैन विरोध के बीच बिगड़े हालात के कारण 24 घंटे बंद रहने के बाद काठमांडू का त्रिभुवन एयरपोर्ट फिर से खुल गया। एअर इंडिया और इंडिगो ने फंसे यात्रियों के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था की।
काठमांडू: नेपाल में सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ भड़के विरोध प्रदर्शनों के बीच बिगड़ी स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य होती दिख रही है। राजधानी काठमांडू का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जो सुरक्षा कारणों से 24 घंटे से अधिक समय तक बंद रहा था, बुधवार को फिर से व्यावसायिक उड़ानों के लिए खोल दिया गया। इसके बाद भारत की प्रमुख एयरलाइंस एअर इंडिया और इंडिगो ने फंसे हुए यात्रियों की घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए विशेष उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया है।
मंगलवार दोपहर को काठमांडू और अन्य शहरों में बढ़ते प्रदर्शनों और सुरक्षा स्थिति के मद्देनज़र एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इस निर्णय से बड़ी संख्या में यात्री प्रभावित हुए और नेपाल तथा भारत के बीच अधिकांश उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। एअर इंडिया ने कहा कि उनकी नियमित सेवाएं गुरुवार से पुनः शुरू हो जाएंगी। साथ ही, फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली-काठमांडू मार्ग पर अतिरिक्त उड़ानें चलाई जा रही हैं। एयरलाइन ने नेपाल सरकार और अन्य एजेंसियों के त्वरित सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
वहीं, इंडिगो ने भी यात्रियों को जानकारी दी है कि काठमांडू हवाई अड्डे से उड़ानें फिर से शुरू कर दी गई हैं। कंपनी ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि एयरलाइनों को उचित किराए बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संकटग्रस्त यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।
नेपाल में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्यों के इस्तीफे के बाद हालात और भी जटिल हो गए थे, जिसके बाद सेना ने देश की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है। राजधानी सहित कई शहरों में सेना के जवान तैनात हैं। इस बीच, एयरपोर्ट का फिर से शुरू होना यात्रियों और एयरलाइन उद्योग दोनों के लिए राहत की बड़ी खबर है।