
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए 8 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों की 58 सीट के लिए मतदान जारी है। इसी क्रम में दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों के लिए भी मतदान चल रहा है। लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि गांधी परिवार ने कांग्रेस के लिए मतदान नहीं किया। ऐसा सुन कर आपको आश्चर्य जरुर होगा लेकिन ऐसा हुआ है। दरअसल सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अपने पूरे परिवार के साथ नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में मतदान करने आए थे लेकिन उन्होंने कांग्रेस को नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को वोट दिया।


क्यों दिया आमआदमी पार्टी को वोट?
दिल्ली में इस बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी विपक्षी गठबंधन “इंडिया” के बैनर तले संयुक्त रुप से चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार दिल्ली में ये पहला चुनाव है जहां दोनों पार्टियों ने एक दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारे। हालांकि एक तरह से कहा जाय तो कांग्रेस को यहां सीट का एडजस्टमेंट ही करना पड़ा है क्योंकि दिल्ली की 7 लोकसभा सीट में से 4 लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं तो कांग्रेस को 3 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। नई दिल्ली सीट आम आदमी पार्टी के खाते में है, जहां से सोमनाथ भारती चुनाव लड़ रहे हैं। यही कारण है कि इस बार गांधी परिवार ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में मतदान किया है।


अब तक भाजपा के खाते में है नई दिल्ली लोकसभा सीट?
नई दिल्ली लोकसभा सीट पर 2014 और 2019 के आम चुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की है। हालांकि अबतक दिल्ली की सभी 7 सीटों पर भाजपा का ही कब्जा है और इसबार बीजेपी फिर इस उम्मीद में है कि दिल्ली की सभी 7 सीटों पर भाजपा ही जीत दर्ज करेंगी लेकिन कांग्रेस और आप के संयुक्त रुप से चुनाव लड़ने के कारण दिल्ली की हर सीट पर कांटे की टक्कर होने वाली है। जिसका पता 4 जून को चल ही जाएगा।
आपको बता दें कि नई दिल्ली लोकसभा सीट से आप के सोमनाथ भारती के सामने बीजेपी ने सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को चुनाव मैदान में उतारा है और बीजेपी उनके जीत का दम भी भर रही है। वहीं भाजपा में उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी को चुनावी मैदान में उतारा है तो साउथ दिल्ली से रामवीर सिंह बिधुड़ी, पूर्वी दिल्ली से हर्ष दीप मल्होत्रा, उत्तर पश्चिम दिल्ली से योगेन्द्र चंदोलिया, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल और पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत को चुनावी मैदान में उतारा है।