सदगुरु को मिला ‘ग्लोबल इंडियन ऑफ द ईयर’ पुरस्कार, कावेरी कॉलिंग को समर्पित की 50,000 कैनेडियन डॉलर की राशि

0Shares

सदगुरु जग्गी वासुदेव (Sadguru Jaggi Vasudev) को कनाडा इंडिया फाउंडेशन द्वारा 2025 का ग्लोबल इंडियन ऑफ द ईयर अवार्ड मिला। उन्होंने 50,000 कैनेडियन डॉलर (₹30 लाख) की पुरस्कार राशि कावेरी कॉलिंग पहल को समर्पित की, जो कावेरी नदी को पुनर्जीवित करने का अभियान है।

टोरंटो: प्रसिद्ध भारतीय योगी और ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सदगुरु जग्गी वासुदेव को कनाडा इंडिया फाउंडेशन (CIF) द्वारा ‘ग्लोबल इंडियन ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें मानव चेतना को जागृत करने और कॉन्शियस प्लैनेट आंदोलन के माध्यम से पारिस्थितिकी संरक्षण में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया गया। 22 मई को टोरंटो में आयोजित एक भव्य समारोह में CIF के अध्यक्ष रितेश मलिक और राष्ट्रीय संयोजक सुनीता व्यास ने यह सम्मान भेंट किया है। इस समारोह में  इंडो-कनाडाई उद्योगपतियों और समुदाय के सदस्य भी उपस्थित थे।

सदगुरु को पुरस्कार के साथ 50,000 कैनेडियन डॉलर की सम्मान राशि भी दी गई, जिसे उन्होंने कावेरी नदी को पुनर्जीवित करने हेतु चल रही ‘कावेरी कॉलिंग’ पहल को समर्पित किया। आपको बता दें कि ‘कावेरी कॉलिंग’ अभियान का उद्देश्य कावेरी बेसिन में 242 करोड़ पेड़ लगाकर मिट्टी और जल संरक्षण करना है, जिससे 84 मिलियन (8.4 करोड़) लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके। यह परियोजना पूरे भारत में नदी संरक्षण के लिए एक प्रेरणास्पद मॉडल के रूप में देखी जा रही है।

इस अवसर पर CIF अध्यक्ष रितेश मलिक ने कहा, “सदगुरु वैश्विक स्तर पर जलवायु परिवर्तन, मिट्टी क्षरण और खाद्य सुरक्षा जैसी चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करते हैं। कनाडा को सद्गुरु जैसे दृष्टिकोण रखने वाले विचारकों से बहुत कुछ सीखने को मिल सकता है, जिनकी शिक्षाएं व्यक्तिगत कल्याण और सामूहिक स्थिरता पर आधारित हैं।”

CIF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सदगुरु द्वारा ग्लोबल इंडियन अवार्ड स्वीकार किए जाने पर हम आभारी हैं। उनका संदेश अत्यंत आवश्यक है: एक जागरूक और करुणामय मानवता ही आगे का मार्ग है।” सदगुरु ने अपने उत्तर में कहा, “भारत और कनाडा की समृद्धि में भारतीय समुदाय का योगदान देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। आपकी गर्मजोशी और स्वागत के लिए मैं हृदय से आभार प्रकट करता हूँ। ढेर सारा प्रेम और आशीर्वाद।”

ग्लोबल इंडियन अवार्ड और कॉन्शियस प्लैनेट अभियान:
कनाडा इंडिया फाउंडेशन एक सार्वजनिक नीति थिंक टैंक है, जो कनाडा-भारत संबंधों को मजबूत करने हेतु संवाद, नीति-निर्माण और नेतृत्व विकास पर कार्य करता है। इसका ‘ग्लोबल इंडियन अवार्ड’ भारतीय मूल के उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने वैश्विक मंच पर उत्कृष्टता और मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया हो।

कॉन्शियस प्लैनेट, सदगुरु द्वारा संचालित एक वैश्विक पहल है, जिसका उद्देश्य पृथ्वी के पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखते हुए व्यक्तिगत और सामाजिक चेतना को ऊपर उठाना है। इसकी प्रमुख पहलों में ‘मिट्टी बचाओ अभियान’, ‘रैली फॉर रिवर्स’, ‘ईशा विद्या’, ‘रूरल रिजुवनेशन’ और ‘ग्रामोत्सवम’ शामिल हैं। यह अभियान दर्शाता है कि कैसे जागरूकता और ठोस प्रयास मिलकर एक स्थायी भविष्य की नींव रख सकते हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *