IPL 2025: रुतुराज गायकवाड़ चोटिल, धोनी फिर बने CSK के कप्तान; लगातार हार झेल रही टीम को वापसी की उम्मीद

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के नियमित कप्तान रुतुराज गायकवाड़ कोहनी में गंभीर चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। ऐसे में अब एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी टीम की कमान संभालेंगे। यह दूसरा मौका है जब धोनी कप्तानी छोड़ने के बाद सीजन के बीच में कप्तान बनाए गए हैं। रुतुराज गायकवाड़ को पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले ही फिटनेस को लेकर संदेह था।

हालांकि, उन्हें टॉस के लिए मैदान में देखा गया, लेकिन मैच के दौरान उनकी पुरानी चोट फिर से उभर आई। मेडिकल जांच के बाद साफ हुआ कि वह इस सीजन के बचे हुए मैचों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। धोनी की कप्तानी में ही चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले आईपीएल 2022 में भी जब रवींद्र जडेजा की कप्तानी में टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी, तब बीच सीजन में धोनी को फिर से कप्तानी संभालनी पड़ी थी।

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने कुल पांच मुकाबले खेले हैं, जिनमें से उसे चार में हार का सामना करना पड़ा है। केवल एक मैच में, मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से टीम का बल्लेबाजी क्रम लगातार फ्लॉप रहा है, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। फिलहाल चेन्नई की टीम अंक तालिका में सिर्फ 2 अंकों के साथ 9वें स्थान पर है। सीजन का छठा मुकाबला 11 अप्रैल को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। प्रशंसकों की निगाहें अब धोनी पर हैं, जिनसे उम्मीद की जा रही है कि वे एक बार फिर अपनी कप्तानी से टीम को जीत की राह पर लौटाएंगे।

Loading

Leave comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *.