
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद हर राजनीतिक पार्टियां चुनावी तैयारियों में जुट गई हैं। वहीं कांग्रेस के भीतर से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आई है। जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के किसी भी सीट से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
हालांकि इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि राहुल गांधी अमेठी (Amethi) से और प्रियंका गांधी रायबरेली (Raebareli) से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन अब इस कयास पर करीब करीब विराम लगता दिखाई दे रहा है।
दरअसल गांधी परिवार की हमेशा से यूपी की पारंपरिक सीटें रही हैं। लेकिन पिछले कुछ सालों में जिस तरह से लोकसभा चुनाव या फिर विधान सभा चुनाव में कांग्रेस (Congress) का प्रदर्शन रहा है। ऐसे में कांग्रेस अपनी एक भी सीट नहीं बचा पाई।
2019 के चुनाव में राहुल गांधी अमेठी से चुनाव हार गए थे और सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) अपनी रायबरेली सीट बचाने में कामयाब हो गई थी लेकिन इस बार उन्होंने लोकसभा चुनाव के बजाय राज्यसभा चुनाव लड़ने का सोचा और जयपुर से निर्विरोध जीत दर्ज कर राज्यसभा पहुंची।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो कहा जा रहा है कि सोनिया गांधी और कांग्रेस को शायद इस बात अंदेशा लग गया था कि सोनिया गांधी इस बार रायबरेली की सीट बचाने में शायद कामयाब ना हो सके और ये एक बड़ी वजह हो सकती है कि सोनिया गांधी ने लोकसभा की जगह राज्यसभा से चुनाव लड़ने का फैसला किया। अब शायद राहुल और प्रियंका के मामले में भी कांग्रेस को कुछ ऐसा ही अंदेशा लग रहा है।