
नई दिल्ली: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारियां शुरु कर दी हैं। वहीं कांग्रेस भी अपने स्तर से तैयारियों में जुट गई है। इसी बीच कांग्रेस (Congress) की तरफ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है और ये बड़ी खबर प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के चुनाव लड़ने को लेकर है। कांग्रेस प्रियंका गांधी को इसबार चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी कर रहा है। उत्तर प्रदेश की किन 5 सीटों में से एक सीट से प्रियंका चुनाव लड़ेंगी, इसको लेकर कांग्रेस ने अपना होमवर्क शुरु कर दिया है।
किन-किन सीटों का हो रहा है चयन?
प्रियंका गांधी के लिए जिन 5 प्रस्तावित सीटों पर चर्चा चल रही है, उसमें से पहले स्थान पर है फूलपुर, प्रयागराज को दूसरे स्थान पर रखा गया है तो वहीं प्रधानमंत्री मोदी से मुकाबले के लिए वाराणसी सीट को तीसरे स्थान पर रखा गया है। हालांकि इन तीनों सीटों के बाद बांकि की दो सीटें कौन सी होंगी, उस पर अभी चर्चा चल रही है। जो जानकारी निकल कर सामने आ रही है, उसके मुताबिक ये दोनों वो सीटें हैं, जिनसे कांग्रेस का गहरा नाता रहा है।
आपको बता दें कि इन पांचों सीटों का पूरा आंकड़ा तैयार कर कांग्रेस के केन्द्रीय संगठन को भेजा जाएगा। जिसमें चुनाव जीतने की गुंजाइश कितनी है, ये बताया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस आंतरिक रुप से सर्वे भी करवाएगी। हालांकि सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी फूलपुर सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। क्योंकि ये सीट कांग्रेस का गढ़ रहा है और पंडित जवाहर लाल नेहरु भी इस सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।