BIHAR: नीतीश कुमार ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, बीजेपी के साथ मिल कर शाम 5 बजे लेंगे शपथ

0Shares

पटना: बिहार में एक बार फिर राजनीतिक उठा पटक देखने को मिला। जदयू क विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। नीतीश कुमार के इस इस्तीफे के बाद बिहार में महागठबंधन की सरकार समाप्त हो गई। अब नीतीश कुमार बीजेपी के साथ मिल कर नई सरकार बना रहे हैं और एक बार फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। नीतीश कुमार के इस शपथ ग्रहण के बाद वो 9 वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बीजेपी ने नीतीश कुमार को समर्थन पत्र सौंपने का फैसला किया है औऱ इसके बाद नीतीश कुमार एक बार फिर राज्यपाल से मिल कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

नीतीश कुमार ने क्या कहा?

राज्यपाल के इस्तीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार ने मीडिया से बात की। इस दौरान नीतीश कुमार ने साफ साफ कहा कि आरजेडी के साथ महागठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था। करीब डेढ़ साल का गठबंधन था लेकिन वहां स्थिति ठीक नहीं थी। कुछ काम नहीं हो पा रहा था। अब मैंने इस्तीफा दे दिया है और नए गठबंधन में जा रहा हूं। आपको बता दें कि इस नए गठबंधन में भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहेंगे और बीजेपी की तरफ से दो उप-मुख्यमंत्री होंगे।

बीजेपी में क्या हुआ?

बीजेपी के विधायक दल की भी बैठक हुई। विधायक दल के इस बैठक में प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी को नेता चुना गया और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया। अब नीतीश कुमार के साथ सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद बीजेपी का विधायक दल मुख्यमंत्री आवास नीतीश कुमार से मिलने पहुंचा और नीतीश कुमार को अपने समर्थन की चिट्ठी सौंपी। आपको बता दें कि पहले इस बात का कयास लगाया जा रहा था कि सुशील मोदी और रेणु देवी को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ की दिलाई जाएगी लेकिन अब बीजेपी ने अपना सस्पेंस खोल दिया है।

शाम 5 बजे लेंगे शपथ

उम्मीद जताई जा रही है कि नीतीश कुमार शाम 5 बजे  मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। ऐसा 9वीं बार होगा जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। जो खबर निकल कर सामने आ रही है उसके मुताबिक नीतीश कुमार के साथ दो उपमुख्यमंत्री को शपथ दिलाई जाएगी। बांकि मंत्रियों का शपथ ग्रहण बाद में होगा। नई सरकार में जीतन राम मांझी की पार्टी ने भी नीतीश कुमार को अपना समर्थन सौंपा है और कोई ना कोई मंत्रालय उनकी पार्टी को भी दिया जा सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *