India Gets Relief Amid Hormuz Crisis: मिडिल ईस्ट युद्ध और होर्मुज संकट के बीच भारत को राहत मिली है। 92,700 टन LPG लेकर ‘शिवालिक’ और ‘नंदा देवी’ जहाज मुंद्रा और कांडला पोर्ट पहुंचे। 6 और गैस टैंकर भारत आने की तैयारी में हैं।
नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध और ऊर्जा संकट के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। Strait of Hormuz पर तनाव के कारण तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित हो गई थी, जिससे भारत में LPG की संभावित कमी की चिंता बढ़ गई थी। लेकिन अब गैस से भरे दो बड़े जहाज भारत पहुंचने वाले हैं, जिससे आपूर्ति संकट में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मिली जानकारी के अनुसार ‘शिवालिक’ नाम का जहाज लगभग 46,000 टन LPG लेकर गुजरात के Mundra Port पहुंच रहा है। वहीं दूसरा जहाज ‘नंदा देवी’ करीब 46,700 टन LPG लेकर कल Kandla Port पहुंचेगा। दोनों जहाजों में कुल मिलाकर 92,700 टन LPG गैस है, जो देश में गैस की आपूर्ति को स्थिर करने में अहम भूमिका निभाएगी।
युद्ध के कारण गैस सप्लाई पर पड़ा असर
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के दौरान Iran और Israel के बीच तनाव बढ़ने के बाद United States भी इस संघर्ष में शामिल हो गया। युद्ध के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा कड़ी कर दी गई और कई जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो गई। यह समुद्री मार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा परिवहन मार्गों में से एक है। भारत अपनी LPG और LNG जरूरतों का बड़ा हिस्सा मिडिल ईस्ट से आयात करता है। ऐसे में रास्ता बाधित होने से देश में गैस की आपूर्ति पर सीधा असर पड़ने लगा।
भारत की कूटनीति से मिली राहत
हालांकि भारत इस युद्ध में किसी भी पक्ष का हिस्सा नहीं है, फिर भी युद्ध के साइड इफेक्ट का असर भारत पर पड़ा। इस बीच भारत की कूटनीतिक पहल के बाद ईरान ने भारत के इन दो गैस जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति दे दी। इसके बाद दोनों जहाज सुरक्षित रूप से भारत की ओर बढ़ सके। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भारत के करीब 22 जहाज अभी भी होर्मुज के आसपास इंतजार कर रहे हैं। इनमें से कई जहाजों में LPG और LNG भरी हुई है।
6 और LPG टैंकर रास्ते में
सूत्रों के अनुसार LPG से भरे 6 और टैंकर तथा LNG से भरा एक टैंकर होर्मुज के पश्चिमी हिस्से में मौजूद हैं। भारत सरकार इन जहाजों को सुरक्षित रूप से भारत लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अगर ईरान के साथ बातचीत सफल रहती है, तो ये सभी जहाज जल्द ही भारत पहुंच सकते हैं।
मिडिल ईस्ट से आता है भारत का गैस आयात
भारत अपनी LPG की बड़ी जरूरत मिडिल ईस्ट के देशों से पूरी करता है, जिनमें प्रमुख रूप से
- Qatar
- Kuwait
- Saudi Arabia
शामिल हैं। युद्ध के कारण इन देशों से आने वाली सप्लाई प्रभावित हुई है, क्योंकि ज्यादातर जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरना पड़ता है।
ईरान की नई शर्त
बताया जा रहा है कि ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह अमेरिका और इजरायल से जुड़े जहाजों को छोड़कर बाकी देशों के जहाजों को नहीं रोकेगा। हालांकि उसने एक शर्त भी रखी है कि जो देश डॉलर के बजाय चीन की मुद्रा युआन में व्यापार करने को तैयार होंगे, उनके लिए होर्मुज का रास्ता खोल दिया जाएगा।
भारत के लिए राहत की उम्मीद
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आने वाले दिनों में बाकी जहाजों को भी गुजरने की अनुमति मिल जाती है, तो भारत में LPG की आपूर्ति सामान्य बनी रह सकती है। फिलहाल शिवालिक और नंदा देवी जहाजों के पहुंचने से देश में गैस संकट की आशंका कुछ कम हुई है।
![]()
