
पटना: सारण में चुनाव के बाद हुए हिंसक झड़प की खबरें सामने आई। इस दौरान दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए हैं। दरअसल सोमवार को यहां मतदान हुआ था और इसके बाद शाम को पोलिंग बूथ पर विवाद शुरु हो गया और फिर मंगलवार की सुबह इसी बात को लेकर ये विवाद हिंसक हो गया और एक पक्ष के एक शख्स ने दूसरे पक्ष के एक शख्स को गोली मार दी।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की मौत घटना स्थल पर ही हो गई, जबकि दोनों घायलों को इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। आपको बता दें कि सारण लोकसभा सीट से पहली बार लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य अपनी किस्मत आजमा रही हैं। दरअसल रोहिणी छपरा स्थित बूथ संख्या 318 और 319 पर पहुंची थीं, जिसको लेकर ये विवाद शुरु हुआ।
वहीं दूसरी तरफ इस चुनावी हिंसा में मारे गए शख्स की पहचान चंदन राय के रुप में की गई है, जबकि दोनों घायलों की पहचान गुड्डू राय और मनोज राय के रुप में हुई है। चंदन राय की मौत के बाद पूरे इलाके के तनाव का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस के द्वारा जो जानकारी निकल कर सामने आ रही है, वो ये है कि मतदान बूथ पर रोहिणी आचार्य के पहुंचने के बाद बीजेपी और राजद कार्यकर्ताओं के बीच विवाद छिड़ गया।

एक तरफ आरजेडी की तरफ से जहां रोहिणी आचार्य ने मोर्चा संभाला तो वही बीजेपी के तरफ से रामाकांत सिंह सोलंकी ने मोर्चा संभाला। मौके पर पुलिस के पहुंच कर दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत किया था। लेकिन मंगलवार की सुबह यहीं विवाद गोलीबारी में बदल गई, जिसमें एक शख्स को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।