Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में दोपहर 3 बजे तक 60.40% मतदान दर्ज किया गया। किशनगंज जिले में सबसे अधिक 66.10% वोटिंग हुई, जबकि पूर्णिया, कटिहार और जमुई में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में मतदान जोरों पर है। मंगलवार को दोपहर 3 बजे तक राज्य में कुल 60.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चरण में कुल 122 विधानसभा सीटों पर 1302 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में कैद हो जाएगा। मतदान शाम 5 बजे तक जारी रहेगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दूसरे चरण में 3 करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। इनमें 1 करोड़ 95 लाख 44 हजार 41 पुरुष, 1 करोड़ 74 लाख 68 हजार 572 महिलाएं और 943 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। राज्यभर में 45 हजार 399 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है।
जिलावार मतदान प्रतिशत के अनुसार, अब तक किशनगंज जिले में सबसे अधिक 66.10% मतदान दर्ज किया गया है। इसके बाद पूर्णिया में 64.22%, कटिहार में 63.80%, जमुई में 63.33% और बांका में 63.03% मतदान हुआ है। वहीं, मतदाता प्रतिशत के लिहाज से सबसे बड़ी विधानसभा सीट हिसुआ मानी जा रही है।
अन्य जिलों में मतदान का प्रतिशत इस प्रकार रहा:
- पश्चिम चंपारण: 61.99%
- पूर्वी चंपारण: 61.92%
- शिवहर: 61.85%
- सीतामढ़ी: 58.32%
- मधुबनी: 55.53%
- सुपौल: 62.06%
- अररिया: 59.80%
- भागलपुर: 58.37%
- कैमूर: 62.26%
- रोहतास: 55.92%
- अरवल: 58.26%
- जहानाबाद: 58.72%
- औरंगाबाद: 60.59%
- गया: 62.74%
- नवादा: 53.17%
निर्वाचन आयोग का मानना है कि पहले चरण की तरह इस बार भी मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी की संभावना है, क्योंकि कई इलाकों में अब भी मतदाता केंद्रों की ओर रुख कर रहे हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
![]()
