Bihar Assembly Election 2025: बिहार चुनाव 2025 की तारीखें घोषित! निर्वाचन आयोग ने दो चरणों में मतदान कराने का ऐलान किया है। पहला चरण 6 नवंबर, दूसरा 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।
नई दिल्ली / पटना: बिहार में चुनावी माहौल अब औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। सोमवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तिथियों की घोषणा कर दी। राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर मतदान दो चरणों में संपन्न होगा। पहला चरण 6 नवंबर, दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी। इस घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
दो चरणों में होंगे चुनावी कार्यक्रम
चुनाव कार्यक्रम | – | तिथि |
अधिसूचना जारी | – | 10 अक्टूबर |
नामांकन की अंतिम तिथि | – | 17 अक्टूबर |
नामांकन पत्रों की जांच | – | 18 अक्टूबर |
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि | – | 20 अक्टूबर |
मतदान | – | 6 नवंबर |
मतगणना | – | 14 नवंबर |
चुनाव प्रक्रिया पूरी | – | 16 नवंबर |
बिहार के मतदाता और तैयारियां
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार में कुल 7.42 करोड़ मतदाता हैं — जिनमें 3.92 करोड़ पुरुष और 3.5 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 14 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे, जबकि 14,000 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि इस बार कुल 90,712 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कानून व्यवस्था, पारदर्शिता और तकनीकी सुलभता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नई व्यवस्थाएँ और पारदर्शिता के उपाय
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि इस बार का चुनाव “सुगम, पारदर्शी और सुरक्षित” होगा। पहली बार बिहार कैडर से बाहर के IAS अधिकारी भी चुनाव प्रक्रिया में शामिल किए जाएंगे, ताकि निष्पक्षता बनी रहे। साथ ही, मतदाता अपने मोबाइल फोन लेकर मतदान केंद्र तक जा सकेंगे, लेकिन पोलिंग बूथ के भीतर उन्हें फोन जमा करना होगा। निर्वाचन आयोग ने यह भी बताया कि मतदाता भागीदारी बढ़ाने के लिए इस बार तकनीकी साधनों का बड़ा उपयोग किया जाएगा। 2020 के चुनाव में मतदान प्रतिशत 58.7% रहा था, जो 2015 की तुलना में अधिक था।
मतदाता सुविधा: अब सिर्फ एक कॉल की दूरी पर
मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग ने एक विशेष हेल्पलाइन व्यवस्था की है। मतदाता अब अपने जिले के STD कोड के साथ “1950” नंबर डायल कर सीधे अपने BLO (Booth Level Officer), ERO या DEO से संपर्क कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, पटना के लिए +91-612-1950 नंबर डायल किया जा सकता है। इसके अलावा, ECINet ऐप के ज़रिए मतदाता अपने BLO से कॉल बुक भी कर सकते हैं। राज्य भर में 90,712 BLOs, 243 EROs और 38 DEOs तैनात किए गए हैं, जो मतदाता पंजीकरण से लेकर मतदान तक हर स्तर पर सहायता प्रदान करेंगे।
चुनाव आयोग का लक्ष्य
निर्वाचन आयोग का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को देश का सबसे पारदर्शी और सुगठित चुनाव बनाने का प्रयास किया जाएगा। आयोग का उद्देश्य है कि हर मतदाता तक सुविधाएँ पहुंचें, और मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। चुनावी कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही राज्य की राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। अब सभी राजनीतिक दल और प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरने को तैयार हैं और बिहार एक बार फिर देश की नज़र में आ गया है।