Delhi: आतिशी ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, BJP सत्ता में वापसी को तैयार

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के अगले दिन मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वे सुबह 11 बजे उपराज्यपाल (LG) सचिवालय पहुंचीं और LG वीके सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके तुरंत: बाद उपराज्यपाल ने 7वीं दिल्ली विधानसभा को भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी।
आतिशी ने इस चुनाव में कालकाजी सीट से भाजपा के रमेश बिधूड़ी को 3,580 वोटों से हराया, लेकिन उनकी पार्टी को बड़ा झटका लगा और वह महज 22 सीटों पर सिमट गई। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल कर 26 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी कर ली। कांग्रेस इस चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाई।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 सितंबर 2024 को अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने उपराज्यपाल विनय सक्सेना को अपना इस्तीफा सौंपते समय अपने साथ आतिशी और चार अन्य मंत्रियों को भी शामिल किया था। इसके बाद आतिशी ने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन जनता का जनादेश भाजपा के पक्ष में गया।
अब भारतीय जनता पार्टी की ओर से दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर मंथन तेज हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर इस संबंध में अहम बैठक जारी है, जिसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय विदेश दौरे पर हैं, ऐसे में दावा किया जा रहा है कि दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह उनके लौटने के बाद ही आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं।
दिल्ली की राजनीति में यह चुनाव बड़ा मोड़ साबित हुआ है, जहां एक ओर आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए यह करारा झटका है, वहीं भाजपा ने शानदार वापसी कर अपने लिए सत्ता का मार्ग प्रशस्त किया है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि भाजपा दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के रूप में किसे चुनती है।