Delhi Blast Case: डॉक्टर शाहीन की संलिप्तता पर IMA की कड़ी कार्रवाई, आजीवन सदस्यता रद्द

0Shares

Delhi Blast Case: दिल्ली ब्लास्ट केस में बड़ा अपडेट—IMA ने डॉक्टर शाहीन की आजीवन सदस्यता रद्द की। लाल किले के पास हुए धमाके में 12 मौतें, फरीदाबाद से 2900 किलो विस्फोटक बरामद। परिवार ने गिरफ्तारी पर दी प्रतिक्रिया।

नई दिल्ली: दिल्ली ब्लास्ट मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने कार्रवाई करते हुए डॉक्टर शाहीन की आजीवन सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। IMA ने उनका निष्कासन आदेश केंद्रीय कार्यालय को भी भेज दिया है, जिससे यह कदम संगठन स्तर पर आधिकारिक हो गया है। 10 नवंबर की शाम दिल्ली के लाल किले के पास कार में हुए विस्फोट ने पूरे देश को हिला दिया था। इस धमाके में 12 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए थे।

इस घटना से ठीक पहले फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई थी। पुलिस ने दो चरणों में कुल 2900 किलो से अधिक विस्फोटक जब्त किया था—पहले 300 किलो और बाद में 2563 किलो। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए मुजम्मिल नामक आरोपी की निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई थी। मुजम्मिल के पास से बरामद स्विफ्ट कार डॉक्टर शाहीन के नाम पर रजिस्टर्ड थी, जिसके बाद पुलिस ने शाहीन को भी हिरासत में लिया। शाहीन मूल रूप से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की रहने वाली हैं।

गिरफ्तारी के बाद डॉक्टर शाहीन के परिजनों ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी थीं। उनके पूर्व पति डॉक्टर जफर हयात ने बताया था कि शाहीन ने कभी बुर्का नहीं पहना और वह बेहतर जीवन की तलाश में विदेश जाना चाहती थीं। वहीं, उनके भाई मोहम्मद शोएब ने बताया कि पिछले चार साल से दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं था। शाहीन के पिता सैयद अहमद अंसारी ने बेटी का नाम सामने आने पर गहरा सदमा जताया था और कहा था कि लगभग एक माह पहले ही उनकी शाहीन से अंतिम बातचीत हुई थी। जांच एजेंसियां अभी भी मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं। IMA की कार्रवाई को ब्लास्ट मामले में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *