Dharmendra Health Update: 89 वर्षीय अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार हुआ है। ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज मिलने के बाद अब उनका इलाज घर पर जारी रहेगा। हेमा मालिनी और ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी।
मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को लेकर उनके प्रशंसकों के लिए राहत की खबर सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती 89 वर्षीय अभिनेता को अब अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि उनकी सेहत में पहले से काफी सुधार आया है, जिसके बाद परिवार ने उन्हें घर ले जाने का फैसला किया। अब उनका इलाज घर पर ही जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र को 1 नवंबर को तबीयत बिगड़ने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आपको बता दें कि 10 नवंबर को हालत गंभीर होने पर उन्हें कुछ समय के लिए वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था। हालांकि, लगातार चिकित्सकीय देखरेख और परिवार की उपस्थिति में उनकी सेहत में तेजी से सुधार हुआ। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद धर्मेंद्र को एंबुलेंस के ज़रिए उनके बंगले ले जाया गया। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसे इंस्टैंट बॉलीवुड ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो में अभिनेता को सुरक्षित रूप से घर पहुंचाया जाता दिखाया गया है।
इस खबर के बाद उनके प्रशंसकों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने भी अभिनेता की सेहत को लेकर जानकारी साझा की थी। 11 नवंबर को ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, “मीडिया में कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। पापा की तबीयत अब स्थिर है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि हमारे परिवार की निजता का सम्मान करें। पापा के लिए प्रार्थना करने वालों का दिल से धन्यवाद।”
बीते दिनों सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें भी वायरल हुई थीं, जिन्हें परिवार ने सख्ती से खारिज किया। हेमा मालिनी और ईशा देओल दोनों ने इन अफवाहों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी खबरें न केवल गलत हैं, बल्कि संवेदनहीन भी। धर्मेंद्र के स्वास्थ्य में सुधार की खबर से अब बॉलीवुड जगत और उनके चाहने वालों ने राहत की सांस ली है। शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान सहित कई सितारे हाल ही में उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। सभी ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की थी। अब उम्मीद की जा रही है कि धर्मेंद्र जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने प्रशंसकों से सीधे संवाद करेंगे।
![]()
