Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर लोजपा (रामविलास) की दिल्ली बैठक में बड़ा फैसला। चिराग पासवान को गठबंधन, सीट बंटवारा और उम्मीदवार चयन का पूरा अधिकार मिला। एनडीए में सीट शेयरिंग फॉर्मूला पर जल्द घोषणा संभव।

नई दिल्ली/पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने शनिवार को दिल्ली में हुई अपनी राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में पहले चरण के उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है। बैठक में पार्टी के सभी सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने की, जिन्हें सर्वसम्मति से बिहार चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित करने और गठबंधन संबंधी अंतिम निर्णय लेने का अधिकार दिया गया।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेंद्र कुमार मुन्ना ने बताया कि एनडीए में सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय होने के बाद चिराग पासवान उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी करेंगे। उन्होंने कहा,“लोजपा (रामविलास) बिहार की जनता के हित में सबसे उपयुक्त उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी। एनडीए के साथ सीट बंटवारे की घोषणा के तुरंत बाद पहले चरण के प्रत्याशियों के नाम जारी किए जाएंगे।” वहीं, समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी ने बैठक के बाद बताया कि चर्चा बेहद सकारात्मक रही और पार्टी एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुटी है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को गठबंधन, सीट बंटवारा और प्रत्याशियों की सूची को लेकर पूर्ण अधिकार दिए गए हैं। पार्टी का हर फैसला उन्हीं की स्वीकृति से होगा,”
एनडीए में सीट बंटवारे पर मंथन अंतिम चरण में
इधर, एनडीए गठबंधन में भी सीट बंटवारे की कवायद अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। शनिवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर कोर ग्रुप की अहम बैठक हुई, जिसमें बिहार चुनाव की रणनीति, सीटों की संख्या और संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा की गई। बैठक में शामिल होने से पहले बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “एनडीए का सीट शेयरिंग फॉर्मूला लगभग तय हो गया है। आज शाम या कल सुबह तक इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।”
राजनीतिक समीकरण और संभावनाएँ
बिहार में इस बार एनडीए में भाजपा, जदयू, हम और लोजपा (रामविलास) प्रमुख घटक दल हैं। चिराग पासवान पहले ही यह संकेत दे चुके हैं कि उनकी पार्टी राज्य के कई महत्वपूर्ण सीटों पर मजबूत दावेदारी रखती है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लोजपा (रामविलास) इस बार एनडीए के भीतर अपनी स्थिति को और सशक्त बनाना चाहती है, वहीं भाजपा भी सीट बंटवारे में संतुलन बनाए रखने की कोशिश कर रही है। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अब एनडीए गठबंधन की सीटों की घोषणा का सभी को इंतजार है। जैसे ही यह फॉर्मूला सार्वजनिक होगा, चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) अपनी पहली सूची जारी करेगी। आने वाले दिनों में बिहार का राजनीतिक तापमान और तेज़ होने वाला है।
![]()
