
लेह: केरी इलाके में सेना की एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। ये घटना केरी के पास एक गांव की है, जहां शनिवार को करीब 6 बजे ये हादसा हुआ था। इस हादसे में 9 जवानों की मौत हो गई है और एक जवान के घायल होने की ख़बर है। लद्दाख के रक्षा अधिकारी के मुताबिक केरी शहर से 7 किमी दूर जवानों से भरी ट्रक खाई में गिर गई। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास केरी की ओर बढ़ रहे थे।
खबर लिखे जाने तक ताजा हालात की जानकारी नहीं मिल पाए हैं। लेह में हुई इस घटना के बाद सभी घायल सैनिकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि ये दूर्घटना किस वजह से हुई है इसका पता अभी तक नहीं लग पाया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख जताया
रक्षा मंत्री ने इस हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
हादसे को लेकर राहुल गांधी ने किया ट्वीट कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया है कि लद्दाख में सेना की गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण हमारे कई जवानों की शहादत का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जवानों के शोकाकुल परिवारजनों को मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।