भारत-क़तर संबंधों को मिली नई ऊंचाई, पीएम मोदी और क़तर के अमीर की मुलाकात

0Shares

नई दिल्ली: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने मंगलवार, 18 फरवरी को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमाद अल-थानी से मुलाकात की। यह बैठक भारत-क़तर संबंधों को और मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

क़तर के अमीर का भारत दौरा

क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमाद अल-थानी 17 और 18 फरवरी की दो दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। वह सोमवार, 17 फरवरी की रात भारत पहुंचे, जहां नई दिल्ली एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उनकी अगवानी की। पीएम मोदी ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मेरे भाई क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमाद अल-थानी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट गया था। आशा करता हूं कि उनकी भारत यात्रा सफल रहेगी। मंगलवार को होने वाली मुलाक़ात को लेकर उत्साहित हूं।”

भारत-क़तर व्यापार संबंधों पर फोकस

क़तर के अमीर की भारत यात्रा के मौके पर 18 फरवरी की सुबह भारत-क़तर संयुक्त व्यापार फोरम का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और क़तर के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री शेख फैसल बिन थानी बिन फैसल अल-थानी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस अवसर पर कहा, “भारत और क़तर के बीच संबंध ऐतिहासिक भी हैं और संभावनाओं से भरे हुए भी। प्रधानमंत्री मोदी ने क़तर के अमीर का एयरपोर्ट पर स्वागत कर मित्रता और भाईचारे का संदेश दिया है। आने वाले समय में व्यापार और निवेश के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वृद्धि होने की संभावना है।”

तकनीक और ऊर्जा सहयोग पर चर्चा

भारत और क़तर के बीच पिछले 15-20 वर्षों में ऊर्जा संसाधनों से संबंधित व्यापार काफी बढ़ा है। अब दोनों देश नई तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और विश्व में बदलते परिप्रेक्ष्य के अनुरूप अपने संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस मुलाकात को दोनों देशों की दोस्ती को और मज़बूत करने वाला करार दिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “क़तर के अमीर की भारत यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करेगी।”

दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

भारत और क़तर के बीच व्यापारिक संबंधों में लगातार वृद्धि हो रही है। दोनों देशों के बीच ऊर्जा, निवेश और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरे से भारत और क़तर के बीच व्यापार और निवेश के नए अवसरों के खुलने की संभावना है।

क़तर के अमीर शेख़ तमीम बिन हमाद अल-थानी की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को एक नई दिशा देने में सहायक होगी। पीएम मोदी और अमीर की मुलाकात से यह स्पष्ट होता है कि भारत और क़तर अपने द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *