पंचतत्व में विलिन हुए भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

0Shares

नई दिल्ली: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह (Dr Manmohan Singh) का शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पार्थिव शरीर को सुबह उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय और फिर वहां से निगमबोध घाट ले जाया गया। अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और कई केंद्रीय मंत्री उपस्थित थे।

श्रद्धांजलि देने पहुंचे गणमान्य नेता

अंतिम संस्कार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि दी। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक ने भी निगमबोध घाट पर उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। जब डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर निगमबोध घाट पहुंचा, तब राहुल गांधी वाहन में बैठे दिखाई दिए और उन्होंने अर्थी को कंधा दिया।

राष्ट्रीय शोक की घोषणा

डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में गुरुवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। उनके सम्मान में भारत सरकार ने सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम रद्द

कांग्रेस पार्टी ने 26 दिसंबर से 1 जनवरी तक अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित करने की घोषणा की है। डॉ. मनमोहन सिंह, जो 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे, अपने उत्कृष्ट कार्य और नीतियों के लिए याद किए जाएंगे। उनके निधन पर देश और विदेश से श्रद्धांजलि का सिलसिला जारी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *